याक़ूब ने जवाब दिया, “जब तक तू मुझे बरक़त नहीं देगा, मैं तुझे जाने नहीं दूँगा।”
बचपन में मुझे अपने पिता के साथ कुश्ती करना बहुत पसंद था। बे-शक़, वह मुझसे उम्र में बड़े थे, मुझसे भी ज़्यादा मजबूत थे और मुझसे ज्यादा समझदार भी थे, इसलिए यह मुक़ाबला बराबरी का नहीं था। लेकिन इसका मक़सद लड़ना नहीं था, बल्कि खेलना और पिता और बेटे के बीच के रिश्ते को और मजबूत करना था।
आख़िरकार मैं ख़ुद को थका देता था और फ़िर हम उस चीज़ की ओर लौट जाते थे जो हक़ीक़त में सबसे अहम थी, बस एक दूसरे के साथ वक़्त बिताना।
कभी कभी हम ख़ुदा के साथ भी कुश्ती करते हैं। लेकिन ख़ुदा ऐसा एक अलग वजह से करता है, हमें बदलने के लिए। मुझे हमेशा यह हिस्सा पसंद नहीं आता, क्योंकि कुश्ती का मतलब विरोध करना है। इसका मतलब तनाव है। इसका मतलब है कि ख़ुदा आपसे कुछ ऐसा समर्पण करने के लिए कह रहा है, जिसे देने के लिए आप अभी राज़ी नहीं हैं।
बाइबल हमें बताती है कि याक़ूब ने पूरी रात ख़ुदा के साथ कुश्ती की:
*“तब याक़ूब अकेला रह गया और एक इंसान भोर तक उससे कुश्ती करता रहा। जब उसने देखा कि वह याक़ूब से ताक़तवर नहीं हो सका, तो उसने उसकी जाँघ की नस को छू दिया और कुश्ती करते करते उसकी जाँघ की नस चढ़ गई। तब उसने कहा, ‘मुझे जाने दे, क्योंकि भोर हो गई है।’ लेकिन याक़ूब ने कहा, ‘जब तक तू मुझे बरक़त न दें, मैं तुझे जाने नहीं दूँगा।’” - उत्पत्ति ३२:२४-२६ HINOVBSI
याक़ूब ने संघर्ष किया और आख़िर में उसे इज्ज़त मिली। इसलिए नहीं कि वह ख़ुदा से ज्यादा ताक़तवर था, बल्कि इसलिए कि उसने पकड़ छोड़ने से इनकार कर दिया।
मेरी ज़िंदगी में भी ऐसे पल आए हैं। ऐसे पल जब मैं जानता था कि ख़ुदा मुझे किसी चीज़ को समर्पित करने के लिए बुला रहा है, किसी पहचान को, किसी सोच को, अपनी पहचान के किसी हिस्से को और मैंने उसका विरोध किया।
क्यों?
क्योंकि एक टूटा हुआ नाम भी जाना पहचाना लग सकता है। कई बार हम ग़लत पहचान को इसलिए पकड़े रहते हैं क्योंकि हमें डर होता है कि अगर हमने उसे छोड़ दिया, तो उसके बाद क्या होगा।
लेकिन ख़ुदा हमें नुक़सान पहुँचाने के लिए हमारे साथ कुश्ती नहीं करता। वह हमें बदलने के लिए हमारे साथ कुश्ती करता है। आप अपने अंदर जो तनाव महसूस कर रहे हैं, हो सकता है वही ख़ुदा आपको अपने साथ एक और गहरे रिश्ते में बुला रहा हो। सवाल यह है, क्या आप इस संघर्ष में टिके रहेंगे? क्या आप इतने ईमानदार रहेंगे कि कह सकें, “ख़ुदा, मैं अब तक ऐसा ही रहा हूँ, लेकिन मैं हमेशा ऐसा ही नहीं रहना चाहता”?
अक्सर सफ़लता संघर्ष के ठीक बाद आती है। याक़ूब की सफ़लता इस प्रकार से है:
*“उस इंसान ने उससे पूछा, ‘तेरा नाम क्या है?’ उसने कहा, ‘याक़ूब।’ तब उसने कहा, ‘अब तेरा नाम याक़ूब नहीं, बल्कि इस्राएल होगा, क्योंकि तूने ख़ुदा और इंसानों के साथ संघर्ष किया और जीत हासिल कर चुका है।’” - उत्पत्ति ३२:२७-२८ HINOVBSI
यहाँ एक आसान सी सीख है: जल्दी पीछे न हटे! आप नहीं जानते कि यीशु मसीह आपके लिए कौन सा नया नाम लेकर तैयार है!