देखो, मैं एक नया काम करने पर हूँ! अब वह ज़ाहिर होगा, क्या तुम उसे नहीं पहचानेंगे?
भारत में अभी तक लोग मेरे नाम का ग़लत उच्चारण करते आए हैं। कभी मेरे नाम को कैमरून देश की तरह बोला जाता है, कभी कॅमरा ऑन की तरह और कभी इमरान तक कह दिया जाता है। 🤦🏻♂️
समय के साथ आपको अपने नाम के ग़लत उच्चारण की आदत हो जाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह सही है।
कल हमने बात की थी कि कई बार हम अपनी रूह में टूटे हुए नाम लेकर चलते हैं और फ़िर उसी के अनुसार अपनी ज़िंदगी जीने लगते हैं। यही हमारे लिए हमारी ख़ुद की पहचान का ख़तरा है। आख़िरकार, हम वही बन जाते हैं जो हम अपने बारे में मानने लगते हैं।
यह एक बाइबल का उसूल भी है और हम इसे पुराने नियम में याक़ूब की ज़िंदगी में देखते हैं।
याक़ूब नाम का अर्थ है “धोखा देने वाला” या “दूसरे की जगह लेने वाला”। उत्पत्ति: २५:२६ में इसका ज़िक्र मिलता है। और याक़ूब ने सचमुच अपने नाम के अनुसार ज़िंदगी जी। वह एक चालाक और धोखा देने वाले इंसान के रूप में जाना जाता था। उसने लोगों की कमज़ोरियों का फ़ायदा उठाया और उन्हें अपने मतलब के लिए इस्तेमाल किया। उत्पत्ति: २७:३६ में भी हम इसे देखते हैं।
एक वक़्त ऐसा आता है जब टूटे हुए नाम से सिर्फ़ एक ग़लती महसूस नहीं होती, बल्कि हमें लगने लगता है कि अब यही हमारी पहचान है। हम उस टूटेपन को अपने अंदर अपना लेते हैं और वह हमारी पहचान का हिस्सा बन जाता है।
मेरी ज़िंदगी में भी ऐसे पल आए हैं। ऐसे वक़्त जब मैंने सोचा, “मैं ऐसा ही हूँ। मैं ऐसा ही रहूँगा।” और जब आप अपने बारे में ऐसा मानने लगते हैं, तो बदलाव नामुमक़िन सा लगने लगता है।
लेकिन ख़ुदा आपके बारे में उस सोच से सहमत नहीं है। ख़ुदा कहता है:
*“देखो, मैं एक नया काम करने पर हूँ! अब वह ज़ाहिर होगा, क्या तुम उसे नहीं पहचानेंगे?” - यशायाह: ४३:१९
यही बदलाव की ख़ूबसूरती है।
ख़ुदा उस रवैये से, आपके व्यवहार से, उस नाम और पहचान से भी आगे देखता है जो लोगों ने आपको दे दी है। वह देखता हैं कि आपको किस मक़सद के लिए बनाया गया है।
याक़ूब की कहानी मुझे याद दिलाती है कि सिर्फ़ इसलिए कि हमने ज़िंदगी का एक ख़ास तरीक़ा अपनाकर जिया है, इसका यह मतलब नहीं कि हम हमेशा के लिए उसी पहचान में बंधे हुए हैं। हमारा अतीत हमारे बारे में कुछ हिस्सों को समझा सकता है, लेकिन वह हमारी पहचान तय नहीं करता।
हो सकता है आपको लगे कि आप एक ही ग़लती को बार-बार दोहरा चुके हैं। ऐसा लगे कि आपकी कहानी पहले ही लिखी जा चुकी है।
ऐसा नहीं है!
ख़ुदा अभी भी आपकी कहानी लिख रहा है।
और वह नाम बदलने में माहिर है। उसने याकूब का नाम बदला और वह आपका नाम भी बदल सकता है। आज पुराने नाम को सही ठहराने की कोशिश न करें, ना ही उसे अपनी पहचान बनाए। उसे रोशनी में लेकर आए। ख़ुदा को शुरुआत करने दें, वह आपको यह समझने में मदद करें कि आप कौन हैं और आपने क्या किया है।