डर मत, क्योंकि मैंने तेरा उद्धार किया है; मैंने तुझे तेरे नाम से पुकारा है; तू मेरा है।
मेरा नाम कॅमरॉन गॅरी मेंडीस है। कॅमरॉन, क्योंकि मेरी माँ को यह नाम पसंद था। गॅरी, मेरे पिता के नाम पर और मेंडीस, क्योंकि वह गोवा के एक बोर्डिंग होम में बड़े हुए थे और उन्होंने वहीं का उपनाम अपना लिया।
आपका नाम कहाँ से आया?
नामों में बहुत ताकत होती है। सिर्फ़ नाम नहीं जो जन्म प्रमाण पत्र पर दर्ज होते हैं, बल्कि वे नाम भी जो आत्मा में गहराई तक बस जाते हैं। वे नाम जिनके बारे में कोई बात नहीं करना चाहता। वे नाम जिन्हें हम ख़ुद से धीरे से कहते हैं और असफ़लता, नुक़सान और पछतावे के बाद भी अपने साथ लगाते हैं।
मैंने भी कुछ नाम ऐसे पहने हैं जो मैंने ख़ुद को दिए थे और कुछ ऐसे जो उन लोगों ने मुझे दिए, जिन्हें शायद यह एहसास ही नहीं था कि उनके लफ़्ज़ों का मुझ पर कितना गहरा असर होगा। झूठा। नाकाम। बस इतना ही काफ़ी नहीं।
शायद आपने भी ऐसा ही महसूस किया होगा।
हम हमेशा इन नामों को ख़ुद नहीं चुनते। कभी कभी ये नाम हमारे ऊपर बोले जाते हैं या हमारे तजुर्बे से पैदा हो जाते हैं। और कभी कभी, अगर मैं ईमानदारी से कहूँ, तो हम ख़ुद ही उन्हें अपने लिए क़ुबूल करते हैं। हम कहते हैं, “मैं ठीक हूँ,” जबकि हम ठीक नहीं होते। हम ख़ुद को यकीन दिलाते रहते हैं कि वह नाम हमारे लिए सही है।
लेकिन ख़ुदा उस कहानी को वहीं रोकता हैं। बाइबल कुछ यूँ कहती है:
*“ऐ याक़ूब, जिस ने तुझे रचाया है और हे इस्राएल, जिस ने तुझे बनाया है, ख़ुदा यों कहता है, ‘डर मत, क्योंकि मैं ने तुझे छुड़ा लिया है; मैं ने तुझे नाम लेकर बुलाया है, तू मेरा ही है।’” - यशायाह ४३:१
क्या आपने इस बात पर ग़ौर किया? क़ायनात का ख़ुदा आपको आपके नाम से बुलाता है! ख़ुदा हमारी टूटन को नज़रअंदाज़ नहीं करता, लेकिन वह उस टूटन को हमारी पहचान बनने नहीं देता।
वह आपको नाम लेकर बुलाता है। और उस नाम से नहीं जिसे आप पकड़े हुए हैं, बल्कि उस नाम से जो वह आपको देता है।
आज मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहता हूँ, जो मैंने ख़ुद से भी पूछा है। आप कौन सा नाम पहने हुए हैं? क्या वह शर्म का नाम है? असुरक्षा का? आपके अतीत की कोई ऐसी बात, जिसे आप चाहकर भी अपने आप से अलग नहीं कर पा रहे हैं?
ख़ुदा आपसे यह नहीं कह रहा कि पहले ख़ुद को ठीक करें और फ़िर मेरे पास आए। वह बस यह कह रहा है, “मेरे पास आओ। उस नाम को अपने साथ ले आए, लेकिन यह उम्मीद मत रखना कि आप उसे लेकर वापस जाएँगे।”
यहीं से सफ़र शुरू होता है। आने वाले कुछ दिनों में हम उन नए नामों के बारे में जानेंगे जो यीशु मसीह ने हम सभी के लिए रखे हैं। वे नाम अद्भुत हैं, इसलिए मैं उम्मीद करता हूँ कि आप इस सफ़र में मेरे साथ बने रहेंगे।