मौत तक वफ़ादार रहो और मैं तुम्हें ज़िंदगी का ताज दूँगा।
मुझे जनाज़े और अंतिम संस्कार बिल्कुल पसंद नहीं हैं, क्या हममें से किसी को यह पसंद होते हैं?
हालात चाहे जैसे भी हों और किसी ने भरपूर और मुकम्मल ज़िंदगी ही क्यों न जी हो, मौत हमेशा दर्द और उदासी लेकर आती है।
और फ़िर भी, उस शख़्स की ज़िंदगी को याद करने में एक ख़ूबसूरती है जो ख़ुदा का सच्चा सेवक रहा और जिसने यीशु मसीह से मोहब्बत की। यह कह पाना कि “उन्होंने अच्छी लड़ाई लड़ी, उन्होंने अपनी दौड़ पूरी की, उन्होंने मसीह ईमान को कायम रखा!” क्या ही शानदार गवाही है!
जब मैं यीशु मसीह के पीछे चलने के मायने पर ग़ौर करती हूँ, तो मुझे याद आता है कि हमारा मक़सद सिर्फ़ अच्छी शुरुआत करना नहीं, बल्कि अच्छी तरह से आख़िर तक पहुँचना है। वफ़ादारी कोई एक पल नहीं है, बल्कि यह पूरी ज़िंदगी का रवैया है।
यीशु मसीह हमें सब्र, मुश्किलों के बावजूद डटे रहने और अटूट भरोसे की राह पर बुलाता हैं। चाहे लोग हमें देखें या न देखें, हमें पहचान मिले या हम गुमनाम रहें, बुलावा वही रहता है: पूरे दिल से यीशु मसीह के पीछे चलना। इस ताक़तवर नसीहत को सुने:
*“मौत तक वफ़ादार रहे और मैं तुम्हे ज़िंदगी का ताज दूँगा।” प्रकाशित वाक्य २:१०
यह आयत हमें हर हाल में वफ़ादार बने रहने की चुनौती देती है। यह हमें याद दिलाती है कि हमेशा की ज़िंदगी का इनाम इस दुनिया की थोड़े वक़्त की पहचान से कहीं बढ़कर है। और यीशु मसीह के पीछे चलने वालों के लिए सबसे बड़ा इनाम यह सुनना है:*“शाबाश; तू थोड़े में ईमानदार रहा मैं तुझे बहुत चीज़ों का अधिकारी बनाऊँगा;” मत्ती २५:२१
हमारी दुआ यह होनी चाहिए कि हमारी ज़िंदगी इस बात से तय न हो कि दूसरे लोग हमें कितना देखते या पहचानते हैं, बल्कि इस बात से तय हो कि हम यीशु मसीह के प्रति कितने वफ़ादार हैं। फ़रमाँबरदारी की वह ख़ामोश और लगातार चलने वाली ज़िंदगी ही आख़िरकार मायने रखती है।
मैं दुआ करती हूँ कि आप आख़िर तक अच्छी तरह पहुँचने के लिए तैयार और प्रतिबद्ध रहें, कि हर मौसम में यीशु मसीह के लिए वफ़ादार, मज़बूत और समर्पित बने रहें। आप यह कर सकते हैं!
आओ मिलकर दुआ करें:
ऐ आसमानी पिता, मेरी मदद कर कि मैं आख़िर तक वफ़ादार बनी रहूँ। हर दिन तेरे पीछे चलने की मेरी प्रतिबद्धता को मज़बूत कर, चाहे हालात कैसे भी हों। मेरे दिल को स्थिर रख, मेरे ईमान को मज़बूत रख और मेरी निगाहें यीशु मसीह पर टिकी रहें। अब्दी ज़िंदगी और उस ताज के वादे के लिए तेरा शुक्रिया, जो उन लोगों का इंतज़ार कर रहा है जो सब्र के साथ अंत तक क़ायम रहते हैं। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।