अपने शरीर का ख़याल रखना उतना ही ज़रूरी है, जितना अपनी आत्मा का।
मेरी एक ऐसी राय है, जिससे शायद ज़्यादातर लोग सहमत न हों। या फ़िर, जैसा आजकल लोग कहते हैं, एक "हॉट टेक।"
अपने शरीर का ख़याल रखना उतना ही ज़रूरी है, जितना अपनी आत्मा का।
न जाने कैसे, लेकिन मसीही होने के नाते हमने यह सोच बना ली है कि हमारे शरीर की कोई ख़ास अहमियत नहीं है, और हमारा रूहानी सफ़र सिर्फ़ हमारे दिल और दिमाग़ तक ही सीमित है।
हम सोचते हैं कि जब तक हमारा जिस्म कोई बड़ी परेशानी खड़ी नहीं कर रहा, तब तक हम उसे नज़रअंदाज़ कर सकते हैं और अपना पूरा ध्यान ज़्यादा "रूहानी" कामों पर लगा सकते हैं, जैसे कि बाइबल पढ़ना और दुआ करना।
लेकिन सच्चाई यह है कि हमारा रूहानी सफ़र इसी जिस्म से तय होता है। अपने जिस्म की देखभाल करना और ख़ुदा के साथ अपने रिश्ते को गहरा करना, इन दोनों का आपस में गहरा रिश्ता है। – रूथ हेली बार्टन, (Invitation to Solitude and Silence)
१ राजा अध्याय १९ की कहानी में हम देखते हैं कि ख़ुदा ने सबसे पहले उसकी सोच या उसकी रूहानी हालत को बदलने की कोशिश नहीं की, क्योंकि उस वक़्त उससे कोई फ़ायदा नहीं होता। उसने पहले एलियाह की जिस्मानी थकान का ख़याल रखा। उसने उसे आराम करने दिया।
कुछ दिन पहले मैंने HALT के उसूल के बारे में बताया था, ताकि आप किसी भी वक़्त अपनी जिस्मानी हालत को परख सकें। लेकिन कई बार हमारी थकान कुछ देर की नहीं होती। वह इतनी गहरी होती है कि सिर्फ़ एक झपकी या थोड़े आराम से दूर नहीं होती। हम ऐसे थक जाते हैं जैसे कि हमारी हड्डियाँ भी कमज़ोर हुई हैं, यानी की हद से बाहर थक जाते हैं।
जब ऐसा होता है, तब ख़ुदा के साथ वक़्त बिताना, उसकी मौजूदगी में ठहरना, या उसकी इबादत करना भी मुश्किल लगने लगता है। क्योंकि हमारा जिस्म, ज़हन और रूह एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जब इनमें से एक कमज़ोर पड़ता है, तो उसका असर बाकी दोनों पर भी पड़ता है।
ख़ुदा आपकी फ़िक्र करता है, ठीक वैसे ही जैसे उसने एलियाह की फ़िक्र की थी। यीशु मसीह कहता है:
"ऐ सब मेहनत करने वालों और बोझ से दबे हुए लोगो, मेरे पास आओ और मैं तुम्हे आराम दूँगा।" — मत्ती ११:२८
क्या हो अगर आज आप उन सारी बातों पर ग़ौर करने के बजाय जो आपको करनी हैं, कुछ पल सिर्फ़ ख़ुदा की मौजूदगी में ठहर जाएँ?
जिस तरह एक बच्चा अपने माँ-बाप को दिल की हर बात बता देता है, उसी तरह ख़ुदा को भी बताए कि आप कितने थके हुए हैं और अंदर से कितना खाली महसूस कर रहे हैं। जब आप ख़ुदा के सामने ईमानदारी से कुछ कहते हैं, तब वह आपकी इंसानी कमज़ोरियों के बीच भी आपको छूता है।