दाऊद ने, ख़ुदा में अपने आप को मज़बूत किया।
बाइबल में आपका सबसे पसंदीदा किरदार कौन है? मेरे लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत राजा दाऊद हैं।
उसकी ज़िंदगी की एक घटना मुझे हमेशा गहराई से छूती है:
*"दाऊद बहुत घबरा गया, क्योंकि लोग उसे पत्थराव करने की बातें कर रहे थे। हर शख़्स अपने बेटों और बेटियों की वजह बहुत मायूस था। लेकिन दाऊद ने, ख़ुदा में ख़ुदको मज़बूत किया।" - १ शमूएल ३०:६
इस घटना को समझने के लिए थोड़ा-सा संदर्भ जानना ज़रूरी है। उस समय तक दाऊद ने इस्राएल के लिए कई बड़ी जीत हासिल की थीं, फ़िर भी इस्राएल ने उसे ठुकरा दिया था। राजा शाऊल, जिसकी उसने वफ़ादारी से सेवा की थी, वही उसका पीछा कर रहा था। यहाँ तक कि फ़िलिस्ती भी, जिनके साथ उसने दोस्ती की थी, अब उस पर भरोसा नहीं करते थे और उसे अपने साथ नहीं रखना चाहते थे।
दाऊद एक के बाद एक ठुकराए जाने का दर्द सह चुका था। लेकिन सबसे मुश्किल समय अभी आना बाकी था। आख़री बेइज़्ज़ती के बाद, जब दाऊद और उसके साथी सिकलाग लौटे, तो उन्होंने देखा कि पूरा नगर जला दिया गया था। अमालेकियों ने उनकी पत्नियों, बच्चों और सारी दौलत को लूटकर ले लिया था।
इतना ही नहीं, उसके अपने ही साथी उस पर इल्ज़ाम लगा रहे थे और उस पर पत्थराव करने तक की सोचने लगे। 😳 मुझे लगता है कि "बहुत घबरा गया" कहना भी शायद उस दर्द को पूरी तरह बयान नहीं करता।
हममें से ज़्यादातर लोग ऐसी हालत में पूरी तरह टूट जाते हैं।
लेकिन दाऊद ने कुछ ऐसा किया जो सचमुच अद्भुत था।
*"दाऊद ने, ख़ुदा में अपने आप को मज़बूत किया।" - १ शमूएल ३०:६
हम अक्सर दूसरों का हौसला बढ़ाने या ख़ुदा से मज़बूती पाने की बात सुनते हैं। लेकिन अपने आप को ख़ुदा में मज़बूत कैसे किया जाए?
इस हफ़्ते हम दाऊद की ज़िंदगी से यही सीखेंगे। क्या आप इसके लिए उत्साहित हैं?
शायद आपके मन में किसी ऐसे इंसान का ख़याल आ रहा हो, जिसे यह जानने की ज़रूरत है कि दाऊद की तरह ख़ुदा में अपने आप को मज़बूत कैसे किया जाए। यह पैग़ाम उसके साथ ज़रूर साझा करें और उसे भी इस सफ़र में शामिल होने का न्योता दे।
कल फ़िर मिलते हैं!