मैं उसे एक सफ़ेद पत्थर दूँगा और उस पत्थर पर एक नया नाम लिखा होगा।
क्या आपने कभी अपना नाम बदलने के बारे में सोचा है? मैं ख़ुशनसीब हूँ कि मेरा पहला नाम ऐसा है, जिसे डच भाषा, जो मेरी मातृभाषा है और अंग्रेज़ी, दोनों में आसानी से बोला जा सकता है। लेकिन कुछ नाम ऐसे भी होते हैं, जो डच में बिल्कुल सामान्य लगते हैं, जबकि अंग्रेज़ी में सुनने में थोड़े अजीब लगते हैं। जैसे हार्म, बास, फ्लोर या विली। 🤭
और जब मैं भारत आई, तो मुझे यह भी देखना पड़ा कि कहीं मेरे नाम का हिंदी भाषा में कोई अजीब या ग़लत मतलब तो नहीं निकलता। शुक्र है, ऐसा नहीं था। लेकिन अगर ऐसा होता, तो शायद मैं अपना नाम बदलने या भारत में किसी दूसरे नाम से बुलाए जाने के बारे में ज़रूर सोचती।
क्या आप जानते हैं कि ख़ुदा आपको एक नया नाम देना चाहता है?
*"जिसके कान हों वो सुने कि पाक रूह कलीसियाओं से क्या फ़रमाता है। जो ग़ालिब आएगा, मैं उसे आसमानी खाने में से दूँगा और एक सफ़ेद पत्थर दूँगा। उस पत्थर पर एक नया नाम लिखा हुआ होगा, जिसे पानेवाले के सिवा कोई न जानेगा।”- प्रकाशितवाक्य २:१७
जिस वक़्त प्रकाशितवाक्य की क़िताब लिखी गई थी, उस समय सफ़ेद पत्थर बे-ग़ुनाही की निशानी माना जाता था। अगर किसी पर मुक़दमा चलता था, तो बे-ग़ुनाह साबित होने पर उसे सफ़ेद पत्थर दिया जाता था, जबकि ग़ुनहगार ठहराए जाने पर काला पत्थर दिया जाता था।
सफ़ेद पत्थर पाने का मतलब है कि अब आप पर कोई इल्ज़ाम नहीं रहा। आपका इंसाफ़ हो चुका है और आपको क़ाबिल ठहराया गया है। हमें यह सफ़ेद पत्थर इसलिए मिलता है, क्योंकि यीशु मसीह ने क्रूस पर हमारा क़ुसूर अपने ऊपर उठा लिया। यशायाह ५३:४-६ HINOVBSI
उस सफ़ेद पत्थर पर आपका नया नाम लिखा होगा। यह ऐसा नाम होगा, जिसे सिर्फ़ ख़ुदा और आप ही जानते होंगे। यही आपकी आत्मा की असली पहचान है। ख़ुदा आपको वैसे नहीं देखता जैसा आप अपनी इंसानी फ़ितरत में थे। वह आपको एक नई सृष्टि के रूप में देखता है।
मैं उस दिन का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूँ, जब मुझे मेरा नया नाम मिलेगा। और आप?