क्या आप किसी इंसान की बाहरी ज़िंदगी को देखकर ही उसका इंसाफ़ कर लेते हैं?
इस हफ़्ते हम बाइबल की एक बहुत ही ख़ास क़िताब से सिखने जा रहे हैं। क्या आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि यह कौन सी क़िताब है?
- यह उन सिर्फ़ २ क़िताबों में से एक है जिसमें ख़ुदा का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया है।🤔
- यह उन २ क़िताबों में से भी एक है जिसका नाम एक महिला के नाम पर रखा गया है। 💁🏻♀️
- और इसमें भारत देश का ज़िक्र भी किया गया है। 🙌🏽
क्या आपने पहचान लिया?… यह एस्तेर की क़िताब है! 👸🏻
मैं आपको इस सफ़र पर लेकर जाने के लिए बहुत उत्साहित हूँ।
जब मैं छोटी थी, मुझे बाइबल की यह दास्तान किसी परीकथा जैसी लगती थी। एक आम लड़की जो एक ख़ूबसूरत रानी बनी और फ़िर एक बहादुर नायिका बनकर अपने लोगों को बचाती है। लेकिन अब जब मैं बड़ी हो गई हूँ, तो मुझे एहसास होता है कि कम से कम शुरुआत में यह कहानी एक दिल तोड़ देने वाली, मानव तस्करी की कहानी जैसी ज़्यादा लगती है।
एस्तेर एक जवान, ख़ूबसूरत और अनाथ लड़की थी। उसके चचेरे भाई, मोर्दकै ने उसकी देखभाल की ज़िम्मेदारी उठाई थी, लेकिन वह उसे उन राजा के अधिकारियों से बचा नहीं सका, जो देश की सभी ख़ूबसूरत लड़कियों को इकट्ठा करने आए थे, ताकि राजा अपनी पसंद चुन सके। (इस कहानी को एस्तेर २ में पढ़ें)।
बेशक़, एक आम लड़की की तस्करी के शिकार की तुलना में, एस्तेर के साथ बेहतर सलूक किया गया था। उसे सेविकाएँ दी गईं और सुंदरता के उपचार भी दिए गए। लेकिन सच्चाई यही है कि वह एक क़ैदी थी, जिसे उसकी मर्ज़ी के बिना, एक आदमी के साथ सोने के लिए तैयार किया जा रहा था। इस मामले में उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था।
इस हफ़्ते हम साथ मिलकर देखेंगे कि कैसे ख़ुदा ने एस्तेर का इस्तेमाल एक अज़ीम तरीक़े से किया और उसकी कहानी को पूरी तरह अपनी महिमा के लिए बदल दिया।
लेकिन एस्तेर की कहानी हमें यह भी याद दिलाती है कि हम हमेशा नहीं जानते या समझते कि किसी की ज़िंदगी में सच में क्या चल रहा है। बाहर से सब कुछ बहुत शानदार लग सकता है, लेकिन हक़ीक़त में वह इंसान ज़ंजीरों में फँसा हो सकता है या ऐसी कई मुश्किलों से जूझ रहा हो सकता है जो सतह के नीचे छुपी हुई हैं।
जैसे ही आप इस हफ़्ते में क़दम रखतें हैं, ख़ुदा से दुआ करें कि वह आपको उन सभी लोगों के लिए फ़ज़ल दे जिनसे आपकी मुलाक़ात हो सकती है। ताकि आप जल्दबाज़ी में किसी का न्याय न करें, बल्कि अनपेक्षित तरीकों से मेहरबानी दिखाएँ, क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि वे किन हालातों से गुज़र रहे हैं।